आज है 9 जुलाई 2024 और आज चार-पांच दिन के बाद मुझे मॉर्निंग वॉक पर जाने का मौका मिला। कल तक रोज बारिश हो रही थी इसलिए जाने का मौका नहीं मिल पाता था लेकिन कल दोपहर के बाद से बारिश नहीं हुई है और मौसम साफ है तो आज कई दिनों के बाद मैं मॉर्निंग वॉक पर गया। जब मैं सुबह मॉर्निंग वॉक पर जा रहा था तो जैसे ही उसके घर के सामने से निकला वह मुझे एक परछाईं की तरह दिखाई दी बहुत ही कम समय के लिए लेकिन उसके कपड़ों से मैं उसे पहचान गया और आगे बढ़ गया। लेकिन और दिन की तरह वह ना तो मुझे इधर से जाते हुए मिली और ना ही जब मैं उधर से आया तो मिली। मॉर्निंग वॉक से लौट कर आने के बाद मैं किसी काम से उसके घर की ओर गया तो वह मुझे दिखाई नहीं दी लेकिन जब मैं उधर से आ रहा था तब अपने घर से बाहर निकल रही थी। तो मैं उसे देखकर थोड़ी देर के लिए रुक गया, मैंने कोशिश की कि उससे कुछ बात हो जाए लेकिन ऐसा संभव ना हो सका और मैं घर वापस आ गया।
कुछ समय के बाद नहा धोकर नाश्ता करके मैं फिर से बाहर की ओर गया लेकिन वह मुझे अब भी दिखाई नहीं दी, हालांकि उस समय अपने घर के बाहर वह जो काम करती है वह काम अभी अधूरा था तो मैं समझ गया कि वह यहीं आसपास होगी या अगर घर चली भी गई होगी तो फिर से बाहर आएगी। तो मैं वहीं घूमता रहा और कुछ समय के बाद वह बाहर आई और मुझे देखने को मिली। वह अपना काम करती रही और मैं किसी न किसी बहाने से उसे देखता रहा। मैं इधर से उधर जाता तो कभी उधर से इधर आता और आते-जाते उसे देखता रहा। उसे देखकर ना जाने क्यों बहुत अच्छा लगता है। अभी उसका काम पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ था लेकिन इसी समय मेरे घर से बुलावा आ गया और मुझे घर वापस आना पड़ा। कुछ समय बाद जब मैं फिर से बाहर गया तो वह अपना काम समाप्त करके घर के अंदर जा चुकी थी। अब उसके बाहर आने का कोई मौका नहीं था तो मैं समझ गया कि अब वह मुझे शाम को ही मिलेगी, फिर मैं घर वापस आ गया।
वहाँ से आने के बाद मैं अपने कमरे में चला गया और रोज की तरह अपने कुछ काम निपटाए और दोपहर के समय खाना खाकर कुछ देर आराम किया। आज ना जाने क्यों थोड़ा सा काम करने के बाद किसी और काम में मन नहीं लग रहा था तो मैं यूं ही लेटा रहा और दोपहर ढलने की प्रतीक्षा करने लगा। दोपहर के बाद जब शाम होने लगी तो यह समय वैसे भी मेरे घर से बाहर जाने का होता है तो मैं बाहर चला गया और उस समय वह अपने घर के बाहर एक और काम करती है तो मैं अपनी जगह जाकर खड़ा हो गया। कुछ समय बाद वह बाहर आई, रोज की तरह ही अपना काम करती रही और मैं उसे निहारता रहा। आज वह जो सूट पहन रही थी उसमें बहुत अच्छी लग रही थी। मेरा मन किया कि उसके पास जाकर उसकी तारीफ कर दूं लेकिन ऐसा संभव नहीं था क्योंकि ऐसा करने के लिए उसके पास जाना पड़ता यानि कि उसके घर जाना पड़ता और वहां पहुंचने का मतलब था उसके घर वालों के सामने उसे कुछ कहना और ऐसा करना एक नया बखेड़ा खड़ा कर देता। तो मैं मन ही मन उसे अपने सामने सोच कर उससे उसकी तारीफ करने लगा। जब वह अपना काम समाप्त करके फिर से घर चली गई तो मैं वापस आ गया।
शाम के समय हम सभी दोस्त जहां मिलते हैं वहां हम सभी पहुंच गए वहां से उसका घर साफ दिखाई देता है जब हम वहां बातें कर रहे थे तो कुछ समय के लिए वह मुझे दो-तीन बार वहां से दिखाई दी लेकिन सबके सामने उसे गौर से देखना या उसके पास जाने की कोशिश करना ठीक नहीं था। कुछ समय बाद हम वहां से अपने-अपने घर वापस आ गए। इसी समय मुझे किसी काम के लिए फिर से उसके घर की ओर जाना था और इसका मतलब था उसे फिर से देखने का मौका मिलता, तो जब मैं वहां पहुंचा तो वह मुझे फिर से दिख गई लेकिन इस बार मेरा काम जल्दी समाप्त हो गया और वह वहीं रही तो मैंने कुछ सोचा और जल्दी से अपने घर वापस आया और 2 मिनट के बाद ही फिर से उसके घर की ओर चला गया। वह जो काम कर रही थी वह समाप्त नहीं हुआ था तो मैं वहीं खड़ा उसे देखता रहा। इस समय तक उसे पता नहीं था कि मैं वहां खड़ा हूं लेकिन जैसे ही वह काम समाप्त करके उठी तो आदतन उसने इधर की ओर देखा और इधर मैं खड़ा था तो वह समझ गई होगी कि मैं यहां क्यों खड़ा हूँ। उसके बाद वह घर के अंदर चली गई, उसके जाने के बाद मैं भी वापस आ गया।
आज हमारे पड़ोस में एक दावत थी और उसमें हमें जाना था लेकिन दावत लेट हो गई, जैसा कि अंदेशा रहता है। वहां भोजन लेने के बाद रोज ही की तरह हम सभी लोग फिर से मिले और टहलने के लिए चले गए। आज गर्मी थोड़ी ज्यादा है। जब तक बारिश हो रही थी तब तक मौसम ठंडा था लेकिन उसके बाद जैसे ही आज धूप निकली तो उमस भरी गर्मी शुरू हो गई और इस चिपचिपी गर्मी में परेशानी ज्यादा होती है तो हम सभी लोग टहलने के बाद जल्दी घर वापस आ गए। अभी रात के 11:30 बज रहे हैं और आज मुझे थोड़ी सी ज्यादा नींद आ रही है लेकिन यह ब्लॉग लिखने के लिए मैं अभी तक जगा हूँ। तो चलिए अब मैं सोने के लिए चलता हूं और आपसे मिलूंगा कल फिर से एक नए ब्लॉग पोस्ट में… शुभ रात्रि।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें